कांग्रेस ने किसान जनजागरण अभियान के तहत किया नुक्कड़ सभा का आयोजन

82

महराजगंज रायबरेली।
क्षेत्र के थुलवांसा में कांग्रेसियों ने किसान जनजागरण अभियान के तहत नुक्कड़ सभा का आयोजन किया। नुक्कड सभा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए जमकर भड़ास निकाली।          बताते चलें कि देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश में कांग्रेस किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मुखर हो रही है। जहां एक तरफ कांग्रेसी कार्यकर्ता किसानों से संवाद स्थापित करते हुए किसान मांगपत्र के फार्म भरवा रहे हैं। वहीं  ब्लाक स्तर पर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर किसानों को जागरूक भी कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को विकास क्षेत्र अमांवा के थुलवांसा चौराहे पर कांग्रेसियों ने नुक्कड़ सभा का आयोजन किया। कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार में कृषि विकास दर दोगुनी थी लेकिन आज देश के अन्नदाताओं की हालत लगातार बदतर होती जा रही है। इसका सबसे बड़ा कारण भाजपा सरकार की निरंकुश नीतियां हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की निरंकुश नीतियों के कारण आज देश का  किसान, व्यापारी, नौजवान सहित हरवर्ग परेशान है उन्होंने बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य 14 फरवरी 2020 को विधानसभा में बताया कि बेरोजगारों की संख्या बढ़कर 34 लाख हो गई है। वर्ष 2019 में 2018 की तुलना में बेरोजगारी की दर दोगुनी हो गई। कोआर्डिनेटर रोहित सिंह ने कहा कि सरकार ने एअर लाइंस सहित हवाई अड्डे बेंचकर आसमान बेंचा, रेल बिकी, सड़कें बेंची यहां तक कि फायदे में चल रहे सरकारी उपक्रम भी बेंच दिया अभी आगे क्या क्या बेचेगी कुछ पता नहीं। जिला महामंत्री अनवार खान ने मुख्यमंत्री पर कटाक्षपूर्ण शब्दों में बताया कि हमारे देश में गौतम बुद्ध ने राजपाट त्यागकर ज्ञान प्राप्त करते हुए महान महात्मा की उपाधि पाई और एक हमारे मुख्यमंत्री हैं जो पहले महात्मा थे और अब राजतंत्र में लौट आए हैं। जिनसे जनकल्याण की अपेक्षा रखना ही अपने आप को धोखा देना है। ब्लाक अध्यक्ष अजीत सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ किया गया जिसका लाभ 35 लाख परिवारों को मिला। उन्होंने 3 मार्च को प्रस्तावित तहसील स्तरीय रैली में लोगों से भारी संख्या में पहुंचने की अपील की। कार्यक्रम को जिला कांग्रेस कमेटी के निर्मल शुक्ला व रायबरेली शहर अध्यक्ष सईदुल हसन ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस ब्लाक महामंत्री राजू ख़ां ने किया। इस अवसर पर कांग्रेस के ब्लाक उपाध्यक्ष के डी बाजपेई, राहुल सिंह, शफीर खां, न्यायपंचायत अध्यक्ष राघवेन्द्र मिश्रा,अभय सिंह, अमित पटेल, अशरफ खां सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। 

अशोक यादव रिपोर्ट

Click