सुखविंदर सिंह सुक्खू होंगे हिमाचल के नए सीएम

13
सुखविंदर सिंह सुक्खू

मुकेश अग्निहोत्री होंगे डिप्टी सीएम, शपथ ग्रहण में प्रियंका-राहुल आएंगे

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष और नादौन विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार विधायक चुने गए सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के नए सीएम होंगे। कांग्रेस ने राज्यपाल को सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। 

उधर नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गांव सेरा में जश्न का माहौल है। रविवार दोपहर 12 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और राहुल गांधी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं नादौन विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार विधायक चुने गए सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे। हरोली से कांग्रेस विधायक मुकेश अग्निहोत्री उपमुख्यमंत्री होंगे। शनिवार को विधानसभा परिसर शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद सीएम पद के लिए सुखविंदर सिंह सुक्खू और डिप्टी सीएम पद के लिए मुकेश अग्निहोत्री के नाम का एलान किया गया। सुखविंदर सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह 11 दिसंबर को दोपहर 1:30 बजे रिज मैदान शिमला में होगा। समारोह के लिए तैयारियां शुरू हो गईं हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और राहुल गांधी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

नए सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, चुनाव पर्यवेक्षक भूपिंद्र सिंह हुड्डा, भूपेश बघेल, राजीव शुक्ला ने शनिवार देर शाम को राजभवन पहुंचकर कर राज्यपाल को सरकार बनाने का दावा पेश किया।  सुक्खू के गांव सेरा में जश्न का माहौल है। माता संसार देई, पत्नी कमलेश ठाकुर और दोनों बेटियां फूली नहीं समा रही हैं।

सीएम पद पर खुद के नाम की घोषणा के बाद सुखविंद्र सुक्खू भावुक हो गए। उन्होंने अपने आंसू पोंछे। सुक्खू ने सीएम की जिम्मेदारी मिलने पर कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष भी उन्हें गांधी परिवार ने ही बनाया। अब सीएम भी उन्होंने बनाया है। वह इसके लिए हिमाचल की जनता का भी आभार जताते हैं। 

सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की जनता से उन्होंने जो वादे किए हैं, अब उन्हें लागू करने की जिम्मेवारी मेरी होगी। सुक्खू ने कहाकि सत्ता केवल सत्ता के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए होनी चाहिए। वह हिमाचल की भोली-भाली जनता के साथ एक स्वच्छ और ईमानदार प्रशासन देंगे। उन्हें जनता ने आशीर्वाद दिया है। भरपूर प्यार भी दिया है। जो भी निर्णय होंगे, आम और गरीब लोगों से चर्चा के बाद ही लिए जाएंगे। 

सर्वसम्मति से सुखविंद्र सिंह सुक्खू विधायक दल के नेता चुन लिए गए हैं। सुक्खू मुख्यमंत्री होंगे, जबकि मुकेश अग्निहोत्री उपमुख्यमंत्री होंगे। 

वहीं शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने जो निर्णय लिया है, उसका सम्मान करते हैं। पार्टी के फैसले को लेकर कोई भी मायूसी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुट है और एकजुट रहेगी। हाईकमान ने जो निर्णय लिया है वह स्वीकार है। विक्रमादित्य ने सभी कार्यकर्ताओं को संयम बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने सोच-समझकर कर फैसला लिया है।

हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और कांग्रेस के अन्य नेताओं ने प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से शिमला में मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात की। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह एक शिष्टाचार भेंट थी। मैं उसे बधाई देता हूं। हम हिमाचल के लोगों की सेवा के लिए मिलकर काम करेंगे। 

इससे पहले चुनाव पर्यवेक्षक व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान स्थित सिसिल होटल में हर विधायक से अकेले-अकेले मुलाकात की। पांच बजे विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई। बैठक के बाद प्रदेश के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम का एलान किया गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राजीव शुक्ला को विधायक दल की बैठक के बाद सीएम के नाम का एलान करने को कहा था। 

Click