गोलीकाण्ड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस पर लगा तोड़फोड़ व लूट का आरोप

15
photo-04
आरोपित का मेडिकल परीक्षण कराती पुलिस
कौशाम्बी। सराय अकिल थाना क्षेत्र के अकबराबाद गुहौली गोलीकाण्ड का मुख्य अभियुक्त राजकुमार मंगलवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने भोर में आरोपित को उसके घर से हिरासत में लिया था। घटना के 2 अभियुक्त अभी भी फरार बताये जा रहे हैं। 
गौरतलब है कि अकबराबाद गुहौली गांव में सोमवार की दोपहर दलित और सवर्ण महज सड़क पर बने ब्रेकर से तेज गति से ट्रैक्टर ले जाने के विवाद में आमने सामने आ गए थे। घटना में दोनों पक्षों से जमकर गोलिया चली थीं। जिसमें एक पक्ष से राजेंद्र प्रसाद शुक्ल के हाथ में गोली लगी थी। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। राजेंद्र प्रसाद की हालत अब अस्पताल में स्थिर बताई जा रही है। घायल पक्ष ने इस मामले में दूसरे पक्ष फूल चंद्र, शशि कपूर, व राजकुमार पर मुकद्दमा दर्ज कराया है।
पुलिस ने लॉक-डाउन के दौरान गांव में हुए बवाल और गोली कांड में कार्यवाही करते हुए अभियुक्त राजकुमार को भोर में हिरासत में ले लिया। पूछ-ताछ में बाद सराय अकिल पुलिस ने कानूनी कार्यवाही करते हुए अभियुक्त का मेडिकल परीक्षण करा कर जेल भेज दिया है।
पुलिस कार्यवाही के दौरान आरोपित पक्ष की महिलाओं ने घर में तोड़फोड़ व कीमती सामान को ग़ायब करने का आरोप पुलिस पर लगाया है। महिला कमला देवी का कहना है कि पुलिस ने राजकुमार को हिरासत में लेने के बाद घर में तोड़ फोड़ की। घर में रखी बाइक, सीसा व दूसरे घरेलू सामान तहस-नहस कर दिया। महिलाओं के जेवर आदि ग़ायब कर दिया है। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस के उच्च अधिकारियों से की है।
एसपी अभिनंदन ने बताया, सराय अकिल फायरिंग कांड के मुख्य आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित पक्ष के आरोपों पर अपर पुलिस अधीक्षक को जाँच सौंपी गई है। जाँच रिपोर्ट के अनुसार दोष सामने आने कर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
Click