बुंदेलखंड का पिछडेापन दूर करने के लिए प्रियंका बनाएंगी बुंदेलखंड विकास बोर्ड

5

महोबा की प्रतिज्ञा रैली में प्रियंका ने खोला वादों का पिटारा

महोबा के महाराजा छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली में पार्टी की महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने वादों का पिटारा खोलते हुए यहां के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए बुंदेलखंड विकास बोर्ड बनाने की घोषणा की। प्रियंका गांधी ने कहा कि बोर्ड का मुख्यालय बुंदेलखंड में होगा व यहीं के लोग अपनी आकांक्षाओं के अनुरूप नीतियां बनाएंगे।

बुंदेलखंड के मुद्दे पर ही सभी पार्टियों को घेरा प्रियंका ने

प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन की शुरुआत बुंदेली में करते हुए बुंदेलखंड के सब भइया , बहनन को राम राम करने व सब मोडियन को बहुत बहुत प्यार से की। उन्होंने बुंदेलखंड के आल्हा ऊदल , रानी लक्ष्मीबाई , झलकारी बाई , महाराजा छत्रसाल , लाला हरदौल , स्वामी ब्रह्मानंद , मैथिलीशरण गुप्त को याद किया। उन्होंने सपा, बसपा व भाजपा को घेरते हुए उनसे सवाल दागा कि ये सभी पार्टियां बताएँ कि उन्होंने सरकार में रहने के बाद महोबा के पान के विकास के लिए क्या किया। जैतपुर के खादी आश्रम के लिए क्या किया। बरुआसागर के अदरक , रानीपुर के टेरीकाट कपड़े , जालौन की मटर , बुंदेलखंड की मूंगफली , महोबा के गौरा पत्थर के लिए क्या किया। 450 क्रशर की जगह महोबा में 50 क्रशर बचे हैं। भूमाफिया सक्रिय हैं। अधिकारियों ने वसूली गैंग चला रखा है। इंद्रकांत त्रिपाठी के हत्यारे आज भी घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आते ही खनन नीति को वापस ले लेंगे। 9000 का बालू का ट्रक 50000 में बिक रहा है।

प्रियंका ने लगाई वादों की झड़ी

प्रियंका गांधी ने महोबा की प्रतिज्ञा रैली में जिस तरह से सभी वर्गों के लिए वादों की घोषणा की है उससे उन्होंने जमकर तालियां बटोरीं। प्रियंका गांधी ने कहा कि यदि प्रदेेश में कांग्रेस की सरकार आती है तो किसानों का पूरा कर्ज माफ किया जाएगा। गेहूं , धान का दाम 25 रुपए किलो मिलेगा। बिजली का बिल हाफ किया जाएगा। कोरोना काल में छोटे दुकानदारों से वसूले गए बिजली बिलं को माफ किया जाएगा। आवारा पशुओं के लिए छत्तीसगढ़ माॅडल को यूपी में भी लागू किया जाएगा। 20 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। बीमार हने पर इलाज में 10 लाख रुपए तक का खर्च सरकार वहन करेगी। इंटर में पढ़ने वाली लड़कियों को स्मार्ट फोन , उच्च शिक्षा पा रही लड़कियों को स्कूटी , महिलाओं को प्रदेश की बसों में मुफ्त में यात्रा , तीन गैस सिलिंडर , आशा कार्यकर्त्रियों एवं आंगनवाड़ी वर्कर को 10000 रुपए प्रतिमाह , विधवाओं को 1000 रुपए प्रतिमाह पेंशन , दलितों के लिए आधुनिक छात्रावास , स्वयं सहायता समूह व जल सहेलियों को सरकारीकरण , वीरांगना झलकारी बाई के नाम पर हर जिले में दक्षता विद्यालय जैसे तमाम वादे किए।
इसके पहले छत्तीसगढ़ को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने जनसभा को संबोधित किया।

राकेश कुमार अग्रवाल रिपोर्ट

Click