जिले की 26 पौधशालाओं में नहीं है पलाश का पौधा, वन विभाग नहीं गंभीर

11

मनोज तिवारी ब्यूरो चीफ अयोध्या
अयोध्या। अरबों रुपये की परियोजनाओं वाले अयोध्या जिले में राज्य पुष्प पलाश को लेकर शासन-प्रशासन की कलई खुल गई है। एक ओर अयोध्या को सजाने संवारने की बड़ी कवायद चल रही तो दूसरी ओर पर्यावरण के लिए पौधरोपण की हुंकारी भरी जा रही है।
एयरपोर्ट से लेकर तमाम बड़ी-बड़ी परियोजनाओं को लागू करने वाली सरकार में राज्य पुष्प पलाश के पौधे का न होना बड़े सवाल खड़ा करता है। यहां वन विभाग और शासन की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिले की 26 सरकारी पौधशालाओं में से एक में भी राज्य पुष्प पलाश के पौधों की नर्सरी नहीं है, जबकि यह पौधशालाएं विगत कई वर्षों से संचालित हैं।
इस संबंध में पूछे जाने पर विभागीय अफसर भी चौंक पड़े। बचाव में यह बताया कि शीघ्र ही नर्सरियों में राज्य पुष्प का पौधा भी तैयार कराया जाएगा। बता दें कि वर्ष 2011 में तत्कालीन सरकार में पलाश के फूल को राज्य पुष्प घोषित किया गया था। इसे लेकर निर्देश भी जारी किए गए थे कि जिलों में राज्य पुष्प पलाश के पौधे लगाए जाएं, लेकिन इसे अमल में नहीं लाया जा सका। लाख तलाश करने के बाद भी जिले में लोगों को इसका पौधा नहीं मिल रहा है।
जिले में वन विभाग की पांच रेंज रुदौली, अयोध्या, कुमारगंज, बीकापुर और मया में स्थित हैं। यहां विभाग की 26 पौधशालायें हैं। इस बार भी बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान की तैयारी हैं लेकिन राज्य पुष्प पलाश का एक भी पौधा किसी भी पौधशाला में नहीं है। इन पौधशालाओं में केवल कुछ चिह्नित पौधों की ही नर्सरी की जाती है।

अब यदि कोई पलाश का पौधा लगाना चाहता है तो उसे निराशा के अलावा कुछ हाथ नहीं लगेगा। यह वास्तव में गंभीर बात है। ऐसा नहीं होना चाहिए। इस संबंध में जानकारी की जायेगी। भविष्य में नर्सरियों में राज्य पुष्प पलाश का पौधा भी तैयार कराया जाएगा।

Click