देश के विकास में मीडिया की अहम भूमिका- न्यायमूर्ति डीके सिंह

24

भरुआ सुमेरपुर, हमीरपुर। कस्बे के प्रकाश लाज में आयोजित ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रांतीय स्मृति समारोह को संबोधित करते हुए उच्च न्यायालय इलाहाबाद लखनऊ बेंच के न्यायमूर्ति दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि देश के विकास में मीडिया की अहम भूमिका है। संविधान में प्रदत्त अधिकारों के दायरे में रहकर मीडिया अपने कर्तव्यों का बखूबी निर्वहन कर रही है। देश की आजादी में भी मीडिया ने अहम भूमिका निभाई थी।

उन्होंने कहाकि ग्रामीण क्षेत्रों में एक से एक बढ़कर ईमानदार पत्रकार हुए हैं। जिन्होंने अपनी बेबाक कलम से ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त भ्रष्टाचार को निर्भीक होकर उजागर कर लोगों को न्याय दिलाया है।

उन्होंने कहा कि बाल गंगाधर तिलक, महात्मा गांधी, पं जवाहरलाल नेहरू आदि ने भी अपनी बात मीडिया के माध्यम से देश के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि मीडिया तथ्यों के साथ साक्ष्य सहित भ्रष्टाचार को निर्भीक होकर रखती है। इसका उदाहरण बोफोर्स कांड है। इसको उजागर करने में मीडिया की अहम भूमिका थी।

उन्होंने कहा कि अन्य सरकारों के घोटालों को भी मीडिया ने समय-समय पर उजागर करके सत्ता को हिलाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जिस देश में मीडिया को बैन किया गया। उन देशों में प्रजातंत्र खत्म हो गया है।

सम्मेलन को जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, सदर विधायक डॉ मनोज कुमार प्रजापति,एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, अखंड परमधाम संस्था के संरक्षक महामंडलेश्वर स्वामी ज्योतिर्मयानंद महाराज, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवशंकर सिंह, ग्रापए के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ कुमार, राष्ट्रीय संयोजक देवीप्रसाद गुप्ता,मण्डल अध्यक्ष मोहम्मद यूनुस खान आदि ने संबोधित किया। जिलाध्यक्ष मनोज कुमार त्रिपाठी ने सभी के प्रति आभार जताया। इस मौके पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आये पत्रकार शामिल रहे।

  • एमडी प्रजापति
Click