हिमाचल विधानसभा चुनाव – 2022 | भोरंज विधानसभा सीट से कांग्रेस के सुरेश कुमार जीते

23
हिमाचल विधानसभा चुनाव 2022 | भोरंज विधानसभा सीट

हिमाचल विधानसभा चुनाव – 2022 | भोरंज विधानसभा सीट से कांग्रेस के सुरेश कुमार जीते।

हिमाचल असेंबली चुनाव में भोरंज सीट पर प्रचार चरम पर है। बीजेपी यहां से लगातार 9वीं बार चुनाव जीतकर रिकॉर्ड बनाने को बेताब है।

बता दें कि हमीरपुर जिले की भोरंज विधानसभा सीट पर पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें से बीजेपी कैंडीडेट डॉ अनिल धीमान, कांग्रेस के सुरेश कुमार और आप की रजनी कौशल के बीच तगड़ा मुकाबला है। वहीं बीएसपी के जरनैल सिंह और इंडिपेंडेंट कैंडीडेट पवन कुमार भी जोरशोर से चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं।

भोरंज असेंबली सीट पर लगातार 32 साल से बीजेपी की तूती बोल रही है। भारतीय जनता पार्टी साल 1990 से लगातार चुनाव जीत रही है। भाजपा लगातार 8 बार यहां से जीत चुकी है। वहीं नवीं बार इलेक्शन जीतने के प्रति पूरी तरह से आश्वस्त दिख रही है। हालांकि बीजेपी ने अपने सिटिंग एमएलए कमलेश कुमारी का टिकट काटकर डॉ अनिल धीमान को चुनावी रण में उतारा है। वहीं कांग्रेस सहित बाकी उम्मीदवार अबकी बार कांटे की टक्कर बता रहे हैं।

गौर करें तो भोरंज पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का गृह विधानसभा क्षेत्र है। हालांकि भोरंज विधानसभा से ताल्लुक रखने के बावजूद पिता-पुत्र यानी कि प्रेम कुमार धूमल और अनुराग ठाकुर ने यहां से चुनाव नहीं लड़ा है। बता दें कि साल 2012 में डिलिमिटेशन के बाद इस असेंबली सीट का नाम मेवा से बदलकर भोरंज कर दिया गया था। कहने का मतलब ये है कि मेवा से भोरंज बनने तक बीजेपी ने 32 साल से 8 बार से इस सीट पर कब्जा कर रखा है। इनमें से 7 आम चुनाव और एक बार उपचुनाव शामिल है।

साल 2017 में भोरंज असेंबली सीट के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की कमलेश कुमारी ने कांग्रेसी उम्मीदवार सुरेश कुमार को 6892 वोट से हराया था। इस चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार कमलेश कुमारी को 27,961 मत मिले थे, जो कुल मतदान का 55.43 फीसदी था। वहीं दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस कैंडीडेट सुरेश कुमार को 21,069 वोट मिले थे। जो कुल पोल हुए मतों का 41.76 प्रतिशत था।

साल 2012 में भोरंज विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के ईश्वर दास धीमान ने कांग्रेस कैंडीडेट रमेश चंद को 10,415 वोट से हराया था। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ईश्वर दास को 27,323 मत मिले, जो कुल हुए मतदान का 59.23 फीसदी था। वहीं दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस कैंडीडेट रमेश चंद को 16,908 वोट मिले थे। जो पोल हुए कुल मतों का 36.65 प्रतिशत था।

अब एक नज़र भोरंज विधानसभा सीट के प्रत्याशियों की मज़बूती पर..
विधानसभा सीट के प्रत्याशियों की मज़बूती
बीजेपी कैंडीडेट डॉ अनिल धीमान
पूर्व विधायक रह चुके हैं डॉ. अनिल धीमान
सरकार और संगठन में मज़बूत पकड़
क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हैं अनिल धीमान
पेशे से चिकित्सक हैं डॉ. अनिल धीमान

कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश कुमार
एआईसीसी के एससी विभाग के समन्वयक हैं सुरेश
कांग्रेस के राज्यस्तरीय नेता हैं सुरेश कुमार
एमए, एमफिल हैं सुरेश कुमार

आप उम्मीदवार रजनी कौशल
सोशल वर्कर हैं रजनी कौशल
सामाजिक मुद्दों को लेकर जागरूक
क्षेत्र में तेजी से हो रही हैं लोकप्रिय

अब बात करते हैं विधानसभा सीट के मतदाताओं की … यहां पर कुल वोटरों की तादाद 82,738 है। जिनमें से पुरुष मतदाताओं की संख्या 41,266 है। वहीं महिला वोटरों की तादाद 41,472 है।

विधानसभा सीट पर कुल मतदाता
कुल वोटर – 82,738
पुरुष मतदाता – 41,266
महिला मतदाता – 41,472

भोरंज की जनता की तकलीफ़ ये है कि यहां पानी, बिजली के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का भी बुरा हाल है। आवारा पशुओं से किसान बेहाल हैं। यहां की सड़कें बदहाल हैं। भोरंज बस अड्डे की कोई सुध लेने वाला नहीं है।

Click