राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का वन विहार का बौद्धिक सत्र सम्पन्न

23

बाँदा— हमें इतिहास पढ़ना चाहिए और सच को स्वीकार करना चाहिए। दुनिया की भलाई के लिए हिंदू समाज को समर्थवान बनना पड़ेगा। मातृभूमि के लिए निस्वार्थ सेवा के ध्येय को लेकर चलने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का उद्देश्य भारतीय राष्ट्रवाद है।
उक्त उद्गार तिंदवारी विकासखंड के ग्राम सिंघौली स्थित शिव मंदिर प्रांगण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित वनविहार कार्यक्रम के बौद्धिक सत्र में व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक अनुराग ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए आगे कहा कि बीज से वृक्ष बनता है और बीज को मिट्टी में मिल जाना पड़ता है। समर्पण ही बीज की ताकत है। संघ ऐसे लोगों से चलता है जो होते तो हैं, लेकिन दिखते नहीं है। उन्होंने कहा कि हम एक हो जाएं, जाग जाएं और सदा के लिए एक रहे, तो अपने देश को संकट से मुक्त तो कर ही लेंगे, आधुनिक दुनिया की मानवता के सामने जो सारी समस्याएं हैं, उनका ठीक-ठीक निदान कर मानवता के साथ सारी सृष्टि प्रगति पथ पर आगे बढ़े, ऐसा नया रास्ता दुनिया को दिखाने की ताकत हमारे भारतीय मूल्यों में है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संस्थान है। संघ की पहली शाखा में सिर्फ 5 लोग शामिल हुए थे, जिसमें सभी बच्चे थे। उस समय में लोगों ने हेडगेरवार जी का मजाक उड़ाया था कि बच्चों को लेकर क्रांति करने आए हैं। लेकिन आज विश्व का सबसे बड़ा अराजनीतिक स्वयंसेवी और हिंदू संगठन है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 56 अनुसांगिक संगठन है जो संसार भर में फैले हैं। सेवा भारती, विद्या भारती, संस्कार भारती, मजदूर संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय किसान संघ, बजरंग दल और राष्ट्रीय सिख संगत जैसे बड़े संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के घटक हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सेवक शब्द का अर्थ होता है, स्वेच्छा से काम करने वाला। संघ के विचारों को मानने वाले और नियमित तौर पर शाखा में जाने वाले लोगों को संघ का स्वयंसेवक कहा जाता है। उन्होंने सभी से किसी न किसी रूप में संघ से जुड़ने का आवाहन किया।
इस अवसर पर जिला सह संपर्क प्रमुख अवधेश , खंड शारीरिक प्रमुख संदीप सिंह, मंडल प्रमुख पलरा देवनाथ , भाजपा जिला मीडिया प्रभारी आनंद स्वरूप द्विवेदी, पूर्व मंडल अध्यक्ष तथा पूर्व प्रधान रमेश चंद्र पांडेय, सिंघौली प्रधान अरुण कुमार शुक्ला, अतुल दीक्षित, चंद्र भूषण सिंह पटेल, अतुल सिंह, अलखनारायण मिश्रा, अरुण सिंह पटेल, कपिल तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे। रिपोर्ट- सुधीर त्रिवेदी

Click